जम्मू कश्मीर और लद्दाख को अलग देशों के तौर पर दिखाए जाने वाले नक्शे को ट्विटर ने हटाया, सुधारी अपनी गलती

कड़ी आलोचनाओं के बाद ट्विटर ने भारत के गलत नक्शे को साइट से हटा दिया है। ज्ञात हो कि गलत नक्शे में भारत के जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को एक अलग देश के रूप में दिखाया गया था। सोमवार की देर रात इस नक्शे को, जो की ट्विटर की कैरियर वेबसाइट ट्वीप लाइफ पर दिखाया गया था, हटा लिया गया। टि्वटर इंडिया के एमडी मनीष महेश्वरी पर उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में केस दर्ज किया गया।

गलत नक्शे के पेश होने के बाद लोगों के बीच इसकी जम कर आलोचना हुई और माइक्रोब्लॉगिंग साइट पर कड़े कदम उठाए जाने की मांग की गई। मामला जानकारी में आते ही केंद्र सरकार ने इस पर तुरंत संज्ञान लिया था। हालांकि ज्ञात हो कि भारत के नक्शे को अलग ढंग से दिखाने का यह पहला मामला नहीं है।

इससे पहले भी नवंबर 2020 में ट्विटर ने लेह को केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख की जगह जम्मू-कश्मीर का हिस्सा दिखाया था। इससे भी पहले लेह को चीन का हिस्सा दिखाया गया था जिसे लेकर भारत की केंद्र सरकार ने टि्वटर के सीईओ जैक डोरसी को इस मुद्दे पर चिट्ठी लिखी थी। बाद में ट्विटर ने अपनी इस गलती को सुधारा था।

पिछले कुछ हफ्तों से ट्विटर और भारत सरकार के बीच नए आईटी नियमों को लागू करने को लेकर तनातनी बनी हुई है। गौरतलब हो कि भारत में सोशल मीडिया को लेकर नए नियम 25 मई से लागू हो चुके हैं। ट्विटर ने अतिरिक्त समय समाप्त होने के बाद भी जरूरी अधिकारियों की नियुक्ति नहीं की।

इसी बीच ट्विटर ने केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद का अकाउंट भी एक घंटे के लिए लाॅक कर दिया था। इसकी वजह उनके द्वारा कॉपीराइट के नियमों का उल्लंघन करना बताया गया था। केंद्रीय मंत्री ने इसे मनमानी करार दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *