मुंबई में लगातार भारी बारिश होने से कई जगह पानी भर गया है। लगातार ऐसी कई तस्वीरें सामने आई हैं जिनमें देखा जा सकता है कि स्थिति कितनी भयावह है। मुंबई के चेंबूर के भारत नगर इलाके में एक दीवार गिरने से हुए हादसे में अब तक 17 लोगों की मौत हो चुकी है।
मौके पर मौजूद राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की टीम के मुताबिक अभी भी मलबे में करीब 7 लोगों के दबे होने की आशंका है। उधर विक्रोली में भारी बारिश के बाद एकमंजिला मकान ढहने से मलबे में दबकर 5 लोगों की मौत हो गयी है, जहां से एक घायल को बाहर निकाला गया है जबकि राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल के मुताबिक़ करीब 5-6 लोगों के अभी भी मलबे में दबे होने की आशंका है।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। एनडीआरएफ इंस्पेक्टर राहुल रघुवंश ने बताया, “एनडीआरएफ ने मलबे (मुंबई के चेंबूर में) से दो शव बरामद किए हैं। एनडीआरएफ कर्मियों के आने से पहले स्थानीय लोगों ने 10 शव बरामद किए।
5 और शव बरामद किए गए हैं, 2 घायल हुए थे।” जोन-7 के डीसीपी प्रशांत कदम ने बताया कि विक्रोली सूर्यानगर इलाके में लैंडस्लाइड की वजह से 7 से 8 घर मलबे में दब गए हैं। इस हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत हो गई है जबकि 1 घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बीएमसी के अधिकारी ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने भारी बारिश की पृष्ठभूमि में मुंबई के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने सुबह जारी अपने बुलेटिन में बताया कि जलवायु परिस्थितियों में अचानक बदलाव के कारण मुंबई में छह घंटे में 100 मिमी से अधिक बारिश हुई।
मौसम विभाग ने शहर के लिए बारिश के पूर्वानुमान को ‘ऑरेंज से रेड अलर्ट’ में भी बदल दिया है।
वहीं मूसलाधार बारिश के कारण गाड़ियों की आवाजाही भी ठप है। इसे लेकर पश्चिम रेलवे के मुंबई संभाग के संभागीय रेल प्रबंधक ने ट्वीट किया, “कई जगहों पर जलजमाव होने के कारण अप और डाउन दोनों दिशाओं में पश्चिम रेलवे की कोई लोकल ट्रेन सेवा इस वक्त नहीं चलेगी।”
मध्य रेलवे ने बताया कि दादर, परेल, माटुंगा, कुर्ला, सायन, भांडुप और अन्य स्थानों पर पटरियों में जलभराव के कारण मुख्य लाइन पर सीएसएमटी और ठाणे के बीच ट्रेन सेवाएं स्थगित कर दी गई हैं।
मुंबई में हुए हादसों पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने दुख जाहिर करते हुए ट्वीट कर कहा- “मुंबई के चेंबूर और विक्रोली में भारी बारिश के बाद हुए हादसे के हताहत होने की खबर से बेहद दुखी हूं। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं और सफल राहत एवं बचाव कार्य की कामना करता हूं।”
उधर पीएमओ (प्रधानमंत्री ऑफिस) ने ट्वीट कर मुंबई में हुए हादसे में मारे गए परिजनों के लिए पीएम रिलीफ फंड से 2-2 लाख रुपए के मुआवजे की घोषणा की है।
हादसे में घायल हुआ लोगों के परिवारों को 50-50 हज़ार रुपए मुआवजा दिया जाएगा।
Read More

One thought on “मुंबई में आई मूसलाधार बारिश से जीवन अस्त-व्यस्त, गई कई जानें”