राजस्थान अधिकारी की पत्नी ने बिना काम किए दो कंपनियों से कमाए ₹37.54 लाख, हुआ बड़ा खुलासा

जयपुर,राजस्थान में भ्रष्टाचार का चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के संयुक्त निदेशक प्रद्युमन दीक्षित की पत्नी पूनम दीक्षित ने बिना काम किए दो निजी कंपनियों से ₹37.54 लाख ‘वेतन’ के रूप में प्राप्त किए।

पूरा मामला तब सामने आया जब एक शिकायतकर्ता ने राजस्थान हाईकोर्ट में याचिका दायर की। कोर्ट के आदेश पर 6 सितंबर पिछले साल एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB)ने जांच के निर्देश दिए, जिसके बाद 3 जुलाई से प्राथमिक जांच शुरू हुई।

जांच में सामने आया कि प्रद्युमन दीक्षित ने सरकारी टेंडर पास कराने के बदले दो निजी कंपनियों OrionPro Solutions और Treegen Software Limited को निर्देश दिए कि वे उनकी पत्नी को नौकरी पर रखें और हर महीने वेतन दें।

एसीबी की जांच में खुलासा हुआ कि जनवरी 2019 से सितंबर 2020 तक पूनम दीक्षित के पांच निजी बैंक खातों में कुल ₹37,54,405 रुपये ‘वेतन’ के रूप में जमा किए गए, जबकि वह कभी भी इन कंपनियों के दफ्तर में नहीं गई।

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि प्रद्युमन दीक्षित ने खुद अपनी पत्नी की फर्जी उपस्थिति रिपोर्टों को मंजूरी दी। जांच में यह भी पाया गया कि पूनम दीक्षित एक ही समय में दोनों कंपनियों से वेतन ले रही थीं ,एक जगह कर्मचारी के रूप में और दूसरी जगह ‘फ्रीलांसर’ के तौर पर।

इस अवधि में दोनों कंपनियों को सरकारी टेंडर भी प्राप्त हुए थे। ACB अब इस पूरे भ्रष्टाचार नेटवर्क की गहन जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *