छठ पूजा पर दिल्ली में ट्रैफिक अलर्ट: कई सड़कों पर आज और कल रहेगा रूट डायवर्जन, भारी भीड़ होने की संभावना

छठ पूजा के अवसर पर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने रविवार को दिल्ली के कई हिस्सों में ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन की घोषणा की है। अगले दो दिनों में हजारों श्रद्धालुओं के घाटों पर जुटने की संभावना को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार आज दोपहर से मंगलवार सुबह तक प्रमुख घाटों के आसपास की सड़कों पर ट्रैफिक प्रभावित रहेगा। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे घाटों के नजदीकी रास्तों से बचें और अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें।

पूर्वी और उत्तर-पूर्वी दिल्ली में गांधी नगर छठ पूजन समिति नौका घाट, गीता कॉलोनी के पास सत्यमेव जयते घाट और पूर्वांचल नव निर्माण संगठन घाट पर 45,000 से अधिक श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद है। वहीं, डीएनडी यमुना खादर और शास्त्री पार्क छठ घाट पर भी भारी भीड़ होने की संभावना है।

भजनपुरा में आज शाम 5 से 7 बजे और मंगलवार सुबह 5 से 7 बजे तक जीटी रोड पर वाणिज्यिक वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। गांधी नगर और खजूरी खास क्षेत्रों में भी कई मार्गों पर डायवर्जन रहेगा।

दक्षिण और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में कालिंदी कुंज स्थित भोला घाट पर 2.5 से 3 लाख श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। वहीं, संगम विहार, आया नगर और श्रीराम चौक के आसपास भी भीड़ रहेगी।

ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से धैर्य बनाए रखने, ट्रैफिक नियमों का पालन करने और पुलिस कर्मियों के साथ सहयोग की अपील की है। यात्रियों को दिल्ली मेट्रो या सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *