मशहूर अभिनेता सतीश शाह, जिन्हें टीवी शो सराभाई वर्सेज सराभाई में ‘इंद्रवदन सराभाई’ के किरदार के लिए याद किया जाता है, को रविवार को भावुक माहौल में अंतिम विदाई दी गई। 74 वर्षीय अभिनेता का शनिवार को किडनी फेल होने के कारण निधन हो गया था।
उनके अंतिम संस्कार में शो की पूरी टीम मौजूद रही सुमीत राघवन (साहिल),रूपाली गांगुली (मोनिषा), राजेश कुमार (रोशेष), निर्माता जे.डी. मजीठिया, निर्देशक देवेन भोजानी (दुष्यंत) और लेखक आतिश कपाड़िया ने मिलकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
पवन हंस श्मशान घाट पर सतीश शाह की अंतिम यात्रा के दौरान एक भावनात्मक पल सामने आया जब पूरी टीम ने मिलकर “सराभाई वर्सेज सराभाई” का टाइटल सॉन्ग गाया। यह गीत सुनते ही माहौल गमगीन हो गया और सभी की आंखें नम हो गईं।
देवेन भोजानी ने सोशल मीडिया पर यह भावुक वीडियो साझा करते हुए लिखा “शायद यह पागलपन लगे, लेकिन जब भी हम साथ होते हैं, यह गाना गाते हैं। आज भी लगा जैसे खुद ‘इंदु’ ने गाने के लिए कहा हो। आप हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे।”
राजेश कुमार ने भी लिखा “अंतिम विदाई अधूरी रहती अगर सराभाई का गाना नहीं गाते। लांग लिव इंदु।”
अंतिम संस्कार में रत्ना पाठक शाह, सुमीत राघवन, रूपाली गांगुली, फराह खान, नसीरुद्दीन शाह, पंकज कपूर, सुप्रिया पाठक और जैकी श्रॉफ सहित कई सितारे मौजूद रहे।
सतीश शाह अपने पीछे पत्नी मधु शाह को छोड़ गए हैं। आज मुंबई में उनकी प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही है।
