दिल्ली में सर्दियों की शुरुआत से पहले आसपास के राज्यों में पराली जलाने की वजह से प्रदूषण की समस्या बढ़ने लगी है। सुबह शाम अब धुँध गहराने लगी है। दिल्ली सरकार ने इस बार दिल्ली के किसान पराली न जलाएं इसके लिए एक घोल की व्यवस्था की है हालांकि दिल्ली में प्रदूषण का अहम कारण हरियाणा और पंजाब में जलाई जाने वाली पराली मानी जाती है। इन सब के बीच दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है।
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने आज प्रदूषण के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा,” प्रदूषण सिर्फ दिल्ली की समस्या नहीं है, ये पूरे उत्तर भारत की समस्या है। अफसोस की बात है कि केंद्र सरकार ने पूरे उत्तर भारत में पराली के प्रदूषण को नीचे लाने के लिए कोई काम नहीं किया, पूरे साल हाथ पर हाथ रख कर बैठी रहती है।”
उन्होंने कहा,”केंद्र सरकार की इस निष्क्रियता का नुकसान सिर्फ दिल्ली को नहीं,पूरे उत्तर भारत के लोगों को उठाना पड़ रहा है। प्रदूषण और कोरोना का खतरा दोनों होने से बहुत जानलेवा स्थिति हो सकती है, इस पर सारी सरकार मिलकर और केंद्र सरकार अपनी ज़िम्मेदारी निभाए।”
