कोरोना वायरस अभी तक दुनिया के लिए एक ऐसी अनसुलझी पहेली साबित हो रहा है जिसकी तोड़ या इलाज के लिए दुनिया भर के वैज्ञानिक लगे हैं इसके बावजूद अभी तक इसे खात्मे के लिए कोई बहुत ठोस जानकारी हाथ नही लगी है। वैक्सीन बनाने तक कि बात पर हम खड़े हुए हैं। इसी बीच एक ऐसी खबर आई है जो हैरान करने वाली है। साथ ही यह खबर उन लोगों के लिए अहम है जिन्हें यह लगता है कि कोरोना से अगर एक बार कोई संक्रमित हो गया तो दोबारा उसे खतरा नही है।
यह खबर आई है हरियाणा के फरीदाबाद से। यहां से एक साथ ऐसे 23 मरीज मिले हैं जो एक बार पहले भी कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं और इससे वो ठीक होकर अपने घर लौट चुके थे लेकिन अब 60 से 80 दिनों के अंदर दोबारा यह लोग संक्रमित हो गए हैं। इन 23 मरीजों में 2-3 मरीज ऐसे हैं जिनमे ठीक होने के महज 20 दिनों के अंदर दोबारा संक्रमण हुआ है। इसके अलावा ज्यादातर मरीज एक महीने से लेकर 70 दिनों के अंदर दोबारा संक्रमित हुए हैं। इस बात की पुष्टि ईएसआईसी ने भी की है साथ ही ऐसे मामलों पर स्वास्थ्य विभाग और ईएसआईसी ने शोध की आवश्यकता भी बताई है।
