कोरोना संक्रमितों की दिल्ली में लगातार बढ़ती संख्या और स्कूल खुलने की अटकलों पर अब दिल्ली सरकार ने विराम लगा दिया है। दिल्ली सरकार ने अपने फैसले में 5 अक्टूबर तक सभी स्कूलों को बंद रखने की बात कही है। इससे संबंधित सर्कुलर आज दिल्ली सरकार की तरफ से जारी कर दिया गया है। हालांकि इस सर्कुलर का प्रभाव किसी भी तरह से ऑनलाइन क्लासेस पर नही पड़ेगा और वह पूर्ववत चलती रहेंगी।
दिल्ली सरकार के सर्कुलर में कहा गया है कि जरूरत के हिसाब से पुरानी गाइडलाइन्स के मुताबिक शिक्षकों और अन्य स्टाफ को स्कूल बुलाया जा सकता है। इस सर्कुलर में सरकारी, प्राइवेट सहित सभी अन्य स्कूलों को यह निर्देश भी दिया गया है कि इस सर्कुलर की जानकारी स्कूली बच्चों, अभिभावक, स्कूल स्टाफ सहित अन्य तक काल या मैसेज के माध्यम से पहुंचाएं।
आपको बता दें कि कोरोना काल मे मार्च के अंतिम हफ्ते से बंद स्कूलों को खोलने की अनुमति गृह मंत्रालय ने दे दी थी लेकिन इस मामले में आखिरी फैसला राज्य सरकारों को लेना था। ऐसे में आंध्रप्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा जैसे राज्य जहां अपने यहाँ स्कूल खोलने की अनुमति दे चुके हैं वहीं हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक और गुजरात के बाद अब दिल्ली सरकार ने फिलहाल स्कूल खोलने में असमर्थता जाहिर की है।
