उत्तर प्रदेश में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहाँ 15 वर्षीय लड़की ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार, घटना रविवार रात की है जब परिवार के सदस्यों ने उसे पढ़ाई और घरेलू कामों को लेकर डांटा था।
मृतका की पहचान शिवांगी यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि परिजनों की डांट के बाद शिवांगी अपने कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। कुछ समय बाद जब उसने दरवाजा नहीं खोला और आवाज देने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो परिवार ने दरवाजा तोड़ा। अंदर जाकर उन्होंने देखा कि शिवांगी ने दुपट्टे से फांसी लगा ली थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उसे डॉक्टर के पास ले गए, जहाँ उसे मृत घोषित कर दिया गया।
मायल थाने के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। यह घटना एक बार फिर से उस सामाजिक दबाव की ओर इशारा करती है, जहाँ बच्चे पढ़ाई और घर की अपेक्षाओं के बोझ तले टूट रहें हैं।
