मुंबई जाने वाला शख्स गलत ट्रेन में चढ़ा, कूदते समय हुई दर्दनाक मौत

उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहाँ एक व्यक्ति की मौत चलती ट्रेन से कूदने की वजह से हो गई। मृतक की पहचान संजय प्रसाद (42) के रूप में हुई है, जो लार थाना क्षेत्र के रेवली गाँव का निवासी था।

पुलिस के अनुसार, संजय प्रसाद मुंबई की एक प्राइवेट कंपनी में मजदूरी करता था। वह पिछले चार महीने से घर पर रह रहा था और गुरुवार रात मुंबई लौटने के लिए निकला था। उसका भाई उसे सलेमपुर रेलवे स्टेशन तक छोड़ने आया था।

लेकिन जल्दबाज़ी में उसने गलती से बरहज की ओर जाने वाली ट्रेन पकड़ ली। जब ट्रेन चलने लगी और उसने महसूस किया कि यह मुंबई की ओर नहीं जा रही है, तो घबराकर चलती ट्रेन से कूदने की कोशिश की।

तेज़ रफ्तार में चल रही ट्रेन से कूदने पर संजय संतुलन खो बैठा और नीचे आ गिरा। मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

सलेमपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार पटेल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इस घटना के बाद परिजनों में मातम का माहोल है।

यह हादसा यात्रियों के लिए एक चेतावनी है कि ट्रेन में बैठने से पहले गंतव्य और ट्रेन की पुष्टि करना बेहद जरूरी है और कभी भी चलती ट्रेन से नहीं कूदना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *