उत्तरप्रदेश के बाँदा से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने अपनी पत्नी की हत्या अवैध संबंध के शक में कर दी। हैरानी की बात यह है कि हत्या के बाद आरोपी कटा हुआ सर और हत्याकांड में प्रयुक्त हथियार लेकर खुद ही थाने जा पहुंचा।
अचानक पुलिस स्टेशन में एक शख्स को कटे हुए सर के साथ देखकर वहां मौजूद पुलिस वालों के होश उड़ गए। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है। शव को भी पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक बबेरू थाना अंतर्गत नेतानगर इलाके के रहने वाले किन्नर यादव को शक था कि उसकी पत्नी विमला देवी का पड़ोस के बिजली मिस्त्री रवि से अवैध संबंध है। आज सुबह किन्नर यादव सुबह वॉक पर निकला था और उसके बेटे कोचिंग गए हुए थे।
इसी दौरान जब वह घर वापस लौटा तो रवि को अपने घर मे देख आगबबूला हो उठा। गुस्से में उसने धारदार हथियार से हमला बोल दिया और इस हमले में उसकी पत्नी का सर धड़ से अलग हो गया। बीच बचाव में रवि को भी चोट आई है और वह अस्पताल में इलाजरत है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
