उत्तर प्रदेश: बहुजन समाज पार्टी (BSP) की सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती की भतीजी एलिस ने अपने पति और ससुराल के अन्य सदस्यों पर गंभीर आरोप लगाते हुए हापुड़ कोतवाली में दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया है। कोर्ट के आदेश पर हापुड़ पुलिस ने एलिस के पति विशाल, सास पुष्पा देवी (हापुड़ नगर पालिका की चेयरमैन), ससुर श्रीपाल सिंह, जेठ भूपेंद्र उर्फ मोनू, जेठानी निशा, ननद शिवानी और मौसा ससुर अखिलेश के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
एफआईआर के मुताबिक, एलिस की शादी 9 नवंबर 2023 को नई दिल्ली के होटल हयात में विशाल से धूमधाम से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुरालवालों ने गाजियाबाद के इंदिरापुरम में फ्लैट और 50 लाख रुपये दहेज की मांग करनी शुरू कर दी। एलिस ने आरोप लगाया कि उसके इनकार पर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया, गालियां दी गईं और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पीड़िता ने पति पर नपुंसक होने का भी आरोप लगाया है। उसने बताया कि उसका पति बॉडीबिल्डिंग के लिए एस्ट्रॉयड का इस्तेमाल करता था, जिसकी वजह से वह नपुंसक हो गया और अब अलग रहने लगा है। एलिस ने कहा कि यह बात ससुराल वालों को पहले से पता थी, लेकिन उससे छिपाई गई।
पुलिस ने BNS की धारा 85, 316, 318, 111, 115, 74, 75, 76, 64, 351, 352 w 3/4, 173 (4) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी मुनीष प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
