झारखंड के बोकारो में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, दो लाख के इनामी नक्सली ढेर, एक जवान घायल

बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड के लुगुबुरु पहाड़ के जंगलों में सोमवार को पुलिस और भाकपा माओवादी (CPI Maoist) उग्रवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। यह मुठभेड़ करीब एक घंटे तक चली।

इस दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली, जहां ₹25 लाख के इनामी बिरसेन दस्ता के दो कुख्यात नक्सली मारे गए। वहीं, कोबरा 209 बटालियन का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल जवान को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

लुगुबुरु की पहाड़ियों और आसपास का इलाका लंबे समय से नक्सली गतिविधियों का गढ़ रहा है। पुलिस और सुरक्षाबलों द्वारा लगातार अभियान चलाए जाने से माओवादी संगठनों पर दबाव बना हुआ है।

मारे गए दोनों नक्सलियों की पहचान और अन्य जानकारी पुलिस द्वारा जल्द साझा की जाएगी।
ऑपरेशन का नेतृत्व कर रहे आईजी (ऑपरेशन) एस माइकल राज ने जानकारी दी कि मुठभेड़ के दौरान एक जवान गंभीर रूप से घायल हुआ है और दो नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा, “मुठभेड़ करीब एक घंटे चली। इस दौरान एक जवान को गंभीर चोटें आईं और दो नक्सलियों के मारे जाने की जानकारी मिली है। ऑपरेशन अभी जारी है। जैसे ही पूरी जानकारी मिलेगी, हम मीडिया को विस्तार से जानकारी देंगे।”

फिलहाल, पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है और सुरक्षा बल सतर्क हैं। बताया जा रहा है कि इलाके में और भी नक्सलियों की मौजूदगी हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *