मुंबई के पास माथेरान हिल स्टेशन पर ट्रेकिंग के दौरान लापता हुए 33 वर्षीय नेवी अफसर का शव पुलिस ने एक गहरी खाई से बरामद किया है। शव काफी हद तक सड़ चुका है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सूरजसिंह अमरपालसिंह चौहान के रूप में हुई है, जो नेवी में मास्टर चीफ, क्लास-II के पद पर तैनात थे और चार महीने पहले ही उन्होंने ड्यूटी जॉइन की थी। चौहान 7 सितंबर को भीमपुरी-गार्बेट ट्रेक पर गए थे और उसके बाद वहाँ से लापता हो गए थे। जब वे घर नहीं लौटे और उनका फोन भी बंद मिला, तो परिवार ने कफ परेड पुलिस थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
शुरुआती जांच में लोकेशन माथेरान इलाके की मिली, जिसके बाद पुलिस, वन विभाग, साह्याद्रि रेस्क्यू टीम और अन्य एजेंसियों ने मिलकर तलाशी अभियान शुरू किया। लेकिन एक हफ्ते से ज्यादा समय तक चौहान का कोई सुराग नहीं मिला।
बीते सोमवार को एक ट्रेकर ने पाली भूतवाली डैम के पास मंदिर के पीछे 50 फीट गहरी खाई में एक शव देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुँची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जे. जे. अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में चौहान अकेले ट्रेक पर जाते हुए दिखे हैं। शुरुआती जांच में किसी तरह की साजिश की आशंका नहीं जताई गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण स्पष्ट नहीं है और विसरा सुरक्षित रखा गया है।
नेरल पुलिस ने इस मामले में आकस्मिक मौतका मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
