विवाह के बहाने पंजाब बुलाकर अमेरिकी महिला की हत्या, शव को जलाया

लुधियाना पुलिस ने एक चौंकाने वाला मामला उजागर किया है, जिसमें 71 वर्षीय अमेरिकी नागरिक महिला को विवाह के बहाने बुलाकर हत्या कर दी गई और शव को जला दिया गया।

मृतका की पहचान रूपिंदर कौर पंधेर के रूप में हुई है, जो अमेरिकी नागरिक थीं और भारतीय मूल से ताल्लुक रखती थीं। पुलिस के अनुसार, वह जुलाई में इंग्लैंड निवासी 75 वर्षीय एनआरआई चरनजीत सिंह ग्रेवाल के बुलाने पर पंजाब आई थीं। ग्रेवाल से उनका विवाह तय था, लेकिन उसी ने कथित रूप से उनकी हत्या की साजिश रची थी।

महिला की बहन कमल कौर खैरा ने 24 जुलाई को फोन बंद मिलने पर शक जताया और 28 जुलाई को अमेरिकी दूतावास से संपर्क किया। इसके बाद लुधियाना पुलिस ने जांच शुरू की। हाल ही में परिवार को उनकी मौत की जानकारी दी गई है।

पुलिस ने इस मामले में सुखजीत सिंह सोनू को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सोनू ने कबूल किया कि उसने अपने घर में महिला की हत्या कर शव को स्टोररूम में जला दिया। सोनू ने बताया कि यह सब ग्रेवाल के कहने पर किया गया, जिसने उसे हत्या के बदले 50 लाख रुपये देने का वादा किया था।

पुलिस के मुताबिक, हत्या के पीछे आर्थिक कारण था, क्योंकि मृतका ने ग्रेवाल को पहले ही भारी रकम ट्रांसफर कर दी थी।

लुधियाना पुलिस रेंज के डीआईजी सतिंदर सिंह ने पुष्टि की कि ग्रेवाल को इस मामले में सस्पेक्ट के रूप में डाला गया है और वह फिलहाल फरार है। पुलिस उसके खिलाफ सबूत इकट्ठा कर रही है तथा अस्थि अवशेषों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *