छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक सनसनीखेज़ वारदात सामने आई है। 16 वर्षीय गर्भवती नाबालिग ने अपने प्रेमी मोहम्मद सद्दाम (मूल निवासी बिहार) का गला चाकू से रेतकर हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक, बिलासपुर के कोनी क्षेत्र की रहने वाली यह लड़की 28 सितंबर को रायपुर आई थी और सद्दाम के साथ शहर के सत्कार गली स्थित ‘एवन लॉज’ में ठहरी थी। रात में जब सद्दाम सो रहा था, तभी नाबालिग ने उसी चाकू से उसका गला काट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी लड़की कमरे को बाहर से बंद कर भाग गई और चाबी रेलवे ट्रैक पर फेंक दी। अगले दिन बिलासपुर लौटकर उसने अपनी मां को पूरी घटना बताई। मां ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने लॉज से सद्दाम का शव बरामद किया।
जांच में सामने आया है कि सद्दाम लड़की पर गर्भपात का दबाव बना रहा था और शादी से इंकार कर रहा था। कुछ दिन पहले उसने लड़की को इसी चाकू से धमकाया भी था। लगातार विवाद और दबाव के चलते नाबालिग ने यह खौफ़नाक कदम उठा लिया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मृतक के परिजनों से संपर्क साधा जा रहा है। अधिकारी इसे “गुस्से और मजबूरी में किया गया अपराध” मान रहे हैं, हालांकि जांच से स्पष्ट होगा कि यह सोची-समझी साजिश थी या आवेश में किया गया कत्ल।
