उत्तर कोरिया ने फिर दागी बैलेस्टिक मिसाइल

उत्तर कोरिया ने मंगलवार को अपने पूर्वी समुद्र तट से बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च कर परीक्षण किया। दक्षिण कोरिया की मिलिट्री की तरफ से यह जानकारी दी गई। जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के अनुसार, मिसाइल को दक्षिण हामग्योंग प्रांत के सिनपो के आसपास से पूर्व की ओर लॉन्च किया गया था।

यह कहा जा रहा है कि उत्तर कोरिया ने जापान के सागर में यह बैलिस्टिक मिसाइल दागी है। दक्षिण कोरिया और अमेरिकी इंटेलिजेंस इस मामले को लेकर जानकारी जुटाने में लगी हुई है। यह लॉन्च ऐसे समय में किया गया है जब दक्षिण कोरिया, अमेरिका और जापान के टॉप न्यूक्लियर एनवॉय उत्तर कोरिया के साथ दोबारा बातचीत शुरू करने के संयुक्त प्रयासों पर चर्चा करने के लिए वॉशिंगटन में हैं।

वहीं, उत्तर कोरिया के इस मिसाइल टेस्ट के बाद प्रधानमंत्री किशिदा ने उत्तरी जापान में निर्धारित अपने कैंपेन को स्थगित कर दिया। जहां, मिसाइल टेस्ट के चलते जापानी कोस्ट गार्ड ने जहाजों के लिए मरीन सेफ्टी अलर्ट जारी किया है तो वहीं दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति कार्यालय ने भी मिसाइल लॉन्च पर चर्चा के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की बैठक आयोजित की है।

एक महीने की शांति के बाद उत्तर कोरिया ने अपने परमाणु परीक्षण फिर से शुरू कर दिए हैं जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह अपने मिलिट्री बिल्डअप को तेजी से बढ़ा रहा है। बीते दिनों उत्तर कोरिया ने कई मिसाइल टेस्ट किए हैं जिनमें नई प्रकार की लंबी दूरी की क्रूज मिसाइल और एक हाइपरसोनिक मिसाइल लॉन्च शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *