सूरत की पैकेजिंग कंपनी में भीषण आग, जान बचाने को पाँचवी मंजिल से कूदे मजदूर, लाखों का नुकसान

गुजरात के शहर सूरत के कडोडोरा में आज सुबह एक पैकेजिंग कंपनी में भीषण आग लग गई। इस घटना में 2 मजदूरों की मौत हो गई तो वहीं 125 लोगों को सुरक्षित बचाया गया। जानकारी के मुताबिक, आग से बचने के लिए कई मजदूर पांच मंजिला इमारत से कूद गए।

सूरत फायर ब्रिगेड को हादसे की जानकारी सुबह 4.30 बजे मिली। सूचना मिलते ही दमकल विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया जिसमें दमकल की 9 गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं रही।

जानकारी के अनुसार हादसा उस वक्त हुआ जब श्रमिक पांचवीं मंजिल पर काम कर रहे थे। आग लगने की घटना सामने आई तो कुछ श्रमिकों ने जान बचाने के लिए कथित तौर पर बिल्डिंग से छलांग लगा दी जिसमें दो की मौत हो गई, वहीं हाइड्रोलिक लिफ्ट द्वारा करीब 125 श्रमिकों को बचा लिया गया।

आग इकाई की पहली मंजिल पर लगी और तुंरत ही अन्य मंजिलों पर फैल गई। इमारत के अंदर फंसे श्रमिकों को निकालने के लिए क्रेन का इस्तेमाल किया गया।

सूरत के आला अधिकारियों का कहना है कि “आग पर नियंत्रण पाने के साथ ही राहत और बचाव कार्य पर भी जोर दिया जा रहा है। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। साथ ही घटना के कारणों का भी पता लगा जाएगा।” आग लगने की वजह फिलहाल पता नहीं चल पाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *