विधानसभा के सामने आत्मदाह करने वाली महिला की मौत, पूर्व राज्यपाल का बेटा गिरफ्तार

उत्तरप्रदेश की राजधानी लखनऊ में विधानसभा के सामने खुद को आग के हवाले कर आत्मदाह की कोशिश करने वाली महिला की मौत हो गई है। आत्मदाह की कोशिश के दौरान वह बुरी तरह झुलस चुकी थी और 90 फीसदी तक जल गई थी। अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद से लगातार उसकी हालत बिगड़ती चली गई और अंततः बुधवार शाम उसकी मौत हो गई।

इस मामले में मंगलवार देर रात कांग्रेस के अनुसूचित प्रकोष्ठ के चेयरमैन आलोक कुमार के खिलाफ पुलिस ने आत्मदाह के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर लिया था। पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार भी कर लिया गया है।आलोक राजस्थान के पूर्व राज्यपाल सुखदेव प्रसाद के बेटे हैं।

आपको बता दें कि इस महिला ने पहले पति से तलाक लेकर अपना धर्म परिवर्तन कर आसिफ नाम के युवक से निकाह किया था। हालांकि महिला से शादी के बाद आसिफ सऊदी अरब चला गया और आसिफ के परिजन महिला को लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। इस बात की शिकायत महिला ने महराजगंज पुलिस से करने की बात कही थी।

शिकायत के बावजूद पुलिस के शिथिल रवैये और आसिफ के परिजनों की प्रताड़ना से तंग आकर अंततः वह सीएम योगी से मिलने लखनऊ आई थी। हालांकि उसकी मुलाकात सीएम से नही हो सकी और उसने आत्मदाह जैसा गंभीर कदम उठा लिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *