“भारत जोड़ो यात्रा के साथ समाप्त हुई मेरी पारी”, जानिए BJP-RSS को लेकर कांग्रेस महाधिवेशन में क्या बोलीं सोनिया गांधी?

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का 85वां महाधिवेशन आयोजित किया गया है। इसमें कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सांसद राहुल गांधी, पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री व पार्टी के तमाम नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए हैं।

इस दौरान महाधिवेशन को संबोधित करते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश में लोकतंत्र को मजबूत किया है। उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा के साथ ही अपने राजनीति करियर को भी समाप्त कर देने का संकेत दिया है। इसके अलावा सोनिया गांधी ने भाजपा सरकार व आरएसएस पर जमकर निशाना साधा है।

Sonia Gandhi: कांग्रेस का 85वां महाधिवेशन रायपुर (छत्तीसगढ़)
Sonia Gandhi: कांग्रेस का 85वां महाधिवेशन रायपुर (छत्तीसगढ़)

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पार्टी के 85वें महाधिवेशन को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस एक राजनीतिक पार्टी नहीं बल्कि एक वाहन है जिसके द्वारा लोग समानता, स्वतंत्रता और न्याय के लिए लड़ते हैं।

सोनिया ने कहा “हम(कांग्रेस) लोगों की आवाज को आगे बढ़ाते हैं, लोगों के सपने पूरे करते हैं। हमारा रास्ता आसान नहीं है लेकिन हम जरूर जीतेंगे।”

Sonia Gandhi: कांग्रेस के 85वें महाधिवेशन में पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे। रायपुर(छत्तीसगढ़)
Sonia Gandhi: कांग्रेस के 85वें महाधिवेशन में पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे। रायपुर(छत्तीसगढ़)

सोनिया गांधी ने अधिवेशन को संबोधित करते हुए कहा “कांग्रेस ने लोकतंत्र को मजबूत किया है। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व में हमने एक अच्छी सरकार दी थी।”

सोनिया ने आगे कहा “2004 और 2009 में हमारी जीत के साथ-साथ डॉ. मनमोहन सिंह के सक्षम नेतृत्व ने मुझे व्यक्तिगत संतुष्टि दी लेकिन मुझे सबसे ज्यादा खुशी इस बात की है कि मेरी पारी भारत जोड़ो यात्रा के साथ समाप्त हो सकी, जो कांग्रेस के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ था।”

सोनिया गांधी ने कांग्रेस के नए अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को लेकर भी अपनी बातें कहीं। उन्होंने कहा “मल्लिकार्जुन खड़गे, एक जमीनी कार्यकर्ता से लेकर कांग्रेस में सर्वोच्च पद तक की यात्रा, भारत के उन आदर्शों को दर्शाती है जिनके लिए हमारा स्वतंत्रता संग्राम लड़ा गया था और हमारे संविधान का मूल्य भी है। यह आंतरिक लोकतंत्र की हमारी समृद्ध और अद्वितीय परंपरा को जारी रखता है।”

कांग्रेस महाधिवेशन को संबोधित करते हुए सोनिया गांधी ने बीजेपी और आरएसएस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस और पूरे देश के लिए एक चुनौतीपूर्ण समय है।

सोनिया ने आगे कहा ” बीजेपी-आरएसएस ने देश की हर एक संस्था पर कब्जा कर लिया है और उसे बर्बाद कर दिया है। इसने चंद व्यापारियों को फायदा पहुंचाकर आर्थिक तबाही मचाई है।”

उन्होंने कहा “देश में दलितों, अल्पसंख्यकों और महिलाओं के साथ अत्याचार हो रहा है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *