तेलंगाना के सिकंदराबाद में कल देर रात एक इलेक्ट्रिक स्कूटर के शोरूम में आग लगने से आठ लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।
अधिकारियों ने कहा कि आग इमारत के भूतल पर स्थित रूबी इलेक्ट्रिक स्कूटर शोरूम में लगी और जल्द ही बहुमंजिला इमारत की पहली और दूसरी मंजिल पर एक लॉज में फैल गई, जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई।
उन्होंने कहा कि उनमें से ज्यादातर की मौत धुएं के कारण दम घुटने से हुई थी। आग लगने के समय लॉज में लगभग 25 लोग – मेहमान और कर्मचारी मौजूद थे।
अधिकारियों ने कहा कि दमकल विभाग ने लॉज के निवासियों को क्रेन की सीढ़ी से बचाया, जबकि कुछ स्थानीय लोग भी शामिल हुए और बचाव अभियान में मदद की।
हैदराबाद के पुलिस आयुक्त सीवी आनंद ने कहा कि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है और मौके पर दमकल की कई गाड़ियां आग बुझाने की कोशिश कर रही हैं।
तेलंगाना के गृह मंत्री मोहम्मद महमूद अली ने कहा कि आग के कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा, “फायर ब्रिगेड की टीमों ने लॉज से लोगों को बचाने की पूरी कोशिश की लेकिन भारी धुएं के कारण कुछ लोगों की मौत हो गई। ह
म जांच कर रहे हैं कि घटना कैसे हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की।
