हर साल की तरह इस बार भी बिहार बाढ़ की विभीषिका झेल रहा है। मॉनसून की शुरुआत में ही अत्यधिक वर्षा होने की वजह से इस बार समय से पहले ही बाढ़ आ गयी है। राज्य के 10 से भी अधिक जिले बाढ़ से प्रभावित हैं।
ऐसे में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस स्थिति को लेकर अलर्ट हैं और आपदा प्रबंधन विभाग और जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को भी अलर्ट रहने का निर्देश दिया है ताकि किसी भी तरह की स्थिति से निपटा जा सके।
इसी क्रम में गुरुवार को उन्होंने बेगूसराय, भागलपुर, खगड़िया और मधेपुरा जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण किया जिसमें उनके साथ जल संसाधन मंत्री संजय झा भी मौजूद रहे। मालूम हो कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, दरभंगा, समस्तीपुर समेत अन्य बाढ़ प्रभावित जिलों का हवाई सर्वेक्षण किया था।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर लौटने के बाद वह काफी हैरान हुए। उन्होंने जून महीने में ही आई बाढ़ को आश्चर्यचकित करने वाला बताया था। उन्होंने कहा, “बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का सर्वेक्षण कर मैं हैरान हूं। पहले कभी ऐसी स्थिति नहीं उत्पन्न हुई थी।
जून में बाढ़ का आना चौंकाने वाला है। बहुत पहले कभी ऐसा हुआ होगा।” इस निरीक्षण के बाद पटना में उन्होंने आला अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की जिसमें संबंधित जिलों के जिलाधिकारी भी वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को काफी नुकसान हुआ है, इसका ठीक से आकलन किया जाए, ताकि उन्हें सहायता पहुंचायी जा सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सभी जिलाधिकारी अपने-अपने जिलों में बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लें।
कोरोना को लेकर मुख्यमंत्री ने यह निर्देश दिया कि जहां भी बाढ़ से प्रभावित होने के कारण राहत कैंप लगाए गए हैं वहां जांच और टीकाकरण का ख्याल रखा जाए। बैठक में जल संसाधन मंत्री संजय झा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, चंचल कुमार, आपदा प्रबंधन विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी संजय कुमार अग्रवाल व मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह भी मौजूद थे।
वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्य सचिव त्रिपुरारी शरण, विकास आयुक्त आमिर सुबहानी भी बैठक में शामिल हुए।
वहीं उनके हवाई सर्वेक्षण पर विपक्ष की तरफ से लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने तंज कसा। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में बाढ़ राहत के नाम पर घोटाले का सिलसिला और हवाई सर्वेक्षण के नाम पर झील-सा नजारा देखने का वर्षों से चला आ रहा सिलसिला भी जारी है।
उन्होंने ट्वीट में लिखा, “हेलीकॉप्टर में सरकार है। बाढ़ में डूबी आम जनता लाचार है।”
Read More
- शेरशाह का टीजर हुआ रिलीज, सिद्धार्थ और कियारा की नई फिल्म इस जांबाज पर है केंद्रित
- इंग्लैंड सीरीज से पहले भारतीय टीम के सामने आई मुसीबत, यह खिलाड़ी हुआ कोरोना पॉजिटिव
- तेजस्वी यादव ने एक बार मुख्यमंत्री बनने देने के बाद समस्याएं दूर करने कि की कवायद
- विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत जिलों के दौरे पर निकले असदुद्दीन ओवैसी
