बिहार चुनाव- टिकट कटा तो विधायक जी ने छोड़ दिया अन्न, पढ़ें

बिहार विधानसभा चुनावों के एलान के बाद से राजनीतिक दलों, गठबंधन और नेताओं के कई अलग-अलग रूप देखने को मिले। कभी कोई अपना रूठ विरोधी को अपना मान बैठा तो कभी सालों एक दूसरे के खिलाफ राजनीति करने वाले एक मंच पर साथ होते नजर आने लगे।

अब ऐसी ही एक और खबर है। इस खबर के मुताबिक बीजेपी के एक विधायक जी का पार्टी ने इन चुनावों में टिकट काट दिया। इससे विधायक जी इतने नाराज हुए कि उन्होंने अन्न छोड़ने का एलान कर दिया। अब वह बस फलाहार करेंगे।


यह विधायक हैं शत्रुघ्न तिवारी उर्फ चोकर बाबा, यह अमनौर विधानसभा से जीत कर विधानसभा पहुंचे थे हालांकि बीजेपी ने इस बार उनका टिकट काट दिया है। अब टिकट कटने के बाद चोकर बाबा पार्टी और नेताओं से खासे खफा चल रहे हैं। उन्होंने एलान कर दिया कि अब वह अन्न आजीवन ग्रहण नही करेंगे सिर्फ फलाहार पर रहेंगे।


विधायक ने इस दौरान स्थानीय सांसद राजीव प्रताप रूढ़ी, बिहार के डिप्टी सीएम सुशील मोदी और स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय पर टिकट काटने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मेरी लोकप्रियता से यह लोग घबराए हुए हैं इसलिए मेरा टिकट काट दिया गया।

उन्होंने यह भी कहा कि बीजेपी ने उसे अपना प्रत्याशी बनाया जिसे मैंने हराया था। मैंने क्षेत्र में हर वक़्त काम किया, बाढ़ के वक़्त रसोई शुरू कराई और मैं चुनावी तैयारी में लगा था। अब मुझे टिकट नही मिला इसी वजह से मैंने अन्न छोड़ने का फैसला किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *