बिहार की दो विधानसभा सीटों पर होनेवाले उपचुनाव के लिए तारीख का एलान हो चुका है। कुशेश्वरस्थान और तारापुर के लिए 30 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे। उपचुनाव की तारीख का ऐलान होते ही अब बिहार में सियासी बयानबाजी भी होने लगी है।
इन दोनों सीटों पर राजद ने अपनी जीत का दावा करते हुए कहा है कि इस चुनाव में महागठबंधन की जीत होगी। इसके साथ ही राजद नेता मृत्युंजय तिवारी ने मंगलवार को पटना में बड़ा बयान दिया जिसमें उन्होंने कहा कि राजद कुशेश्वरस्थान और तारापुर सीट जीतकर बिहार में सरकार बना लेगी और इस जीत के बाद तेजस्वी यादव को उन्होंने राज्य का नया मुख्यमंत्री बताया।
साथ ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को इस्तीफा देने की भी बात कही। प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी का दावे के साथ कहना है कि राजद की कुशेश्वरस्थान और तारापुर, दोनों सीटों पर दावेदारी है लेकिन इसका अंतिम निर्णय महागठबंधन के नेताओं के साथ बैठक के बाद लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ये दोनों सीटें महागठबंधन के पास आए इसके लिए हम चाहते हैं कि राजद के उम्मीदवार चुनाव लड़ें।
मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि “कुशेश्वरस्थान और तारापुर हम जीत जाते हैं तो बिहार में सरकार बनाने में सफल होंगे। तेजस्वी यादव बिहार के मुख्यमंत्री बनेंगे और नीतीश कुमार को इस्तीफा देना होगा।”
विशेष राज्य के दर्जे पर तंज कसते हुए राजद प्रवक्ता ने कहा कि “तेजस्वी यादव तो पहले से ही कह रहे हैं कि नीतीश कुमार थक चुके हैं। अब तो जद(यू) भी सरेंडर कर चुका है।” मृत्युंजय तिवारी ने नीतीश कुमार पर हमला करते हुए कहा कि “जो पटना विश्वविद्यालय को सेंट्रल यूनिवर्सिटी का दर्ज नहीं दिला पाए, वो विशेष राज्य की मांग कहां से पूरा कर पाएंगे।”
उन्होंने कहा कि “अब यह साफ हो चुका है कि जद(यू) विशेष राज्य के मुद्दे पर राजनीति कर रहा था। एनडीए सरकार को बिहार की 13 करोड़ की जनता की फिक्र नहीं है। अब सबकुछ साफ-साफ हो गया है। विशेष राज्य को लेकर ही जद(यू) पूरी तरह से एक्सपोज हो गया है।”
