सिद्धू बने रहेंगे ‘पंजाब’ के कप्तान, आज हो सकता है बड़ा ऐलान

पंजाब कांग्रेस में जारी उठापटक सुलझने की बातें सामने आ रही है। कहा जा रहा है कि इसे लेकर आज कांग्रेस प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकती है। सूत्रों के मुताबिक चन्नी सरकार नवजोत सिंह सिद्धू के आगे झुक गई है और अब पार्टी सिद्धू का इस्तीफा नामंजूर करने पर विचार कर रही है।

चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और नवजोत सिंह सिद्धू के बीच कल हुई बैठक करीब दो घंटे तक चली। सूत्रों के हवाले से खबर है कि सिद्धू की मांग पर पंजाब के डीजीपी और एडवोकेट जनरल को बदलने का रास्ता साफ हो गया है, इसलिए सिद्धू का इस्तीफा नामंजूर किया जा सकता है।

वहीं अब हरीश रावत की जगह हरीश चौधरी को पंजाब का प्रभारी बनाया जाएगा। सिद्धू को मनाने के लिए कांग्रेस की तरफ़ से समन्वय समिति के गठन का आश्वासन दिया गया जिसके बाद सिद्धू ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद पर बने रहने के लिए हामी भर दी। सूत्रों के अनुसार, चरणजीत सिंह चन्नी और नवजोत सिंह सिद्धू शुक्रवार को संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकते हैं।

पार्टी सूत्रों का कहना है कि पंजाब सरकार की ओर से कोई भी बड़ा फैसला लिए जाने से पहले एक समन्वय समिति गठित की जाएगी। तीन सदस्यीय कमेटी बड़े मसलों पर हफ्ते में दो बार मिलेगी। मुख्यमंत्री चन्नी, सिद्धू और हरीश चौधरी कमेटी का हिस्सा होंगे।

इस्तीफे को लेकर कहा जा रहा था कि चन्नी की ओर से नियुक्ति को लेकर लिए गए कुछ फैसले से सिद्धू नाराज चल रहे थे।

चंडीगढ़ में हुई इस मीटिंग में सिद्धू और चन्नी के अलावा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय पर्यवेक्षक हरीश चौधरी, मंत्री परगट सिंह और पंजाब कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष कुलजीत नागरा भी शामिल रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *