हाल ही में संसद से भारी हंगामे के बीच पास हुए तीन कृषि बिलों को लेकर पंजाब में कांग्रेस बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन आयोजित कर रही है। इस कार्यक्रम को खेती बचाओ यात्रा नाम दिया गया है।
इसमें राज्य के मुख्यमंत्री कैप्टेन अमरिंदर सिंह और कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी हिस्सा ले रहे हैं। रविवार से शुरू हुआ यह कार्यक्रम मंगलवार तक चलेगा। अब कांग्रेस के इस विरोध प्रदर्शन पर केंद्रीय मंत्री और अमेठी से सांसद स्मृति ईरानी ने बड़ा हमला बोला है।
स्मृति ईरानी ने गुजरात मे आयोजित एक कार्यक्रम में बोलते हुए कहा कि,”किसान को बिचौलियों से आजाद होता देख कांग्रेस का नेतृत्व तिलमिला उठा क्योंकि वर्षों किसान को बिचौलियों के सम्मुख बांधकर कांग्रेस की राजनीति चलती रही। कानून के अनुसार किसान को फसल की राशि का भुगतान तुरंत मिलेगा ज्यादा से ज्यादा तीन दिन के भीतर।”
उन्होंने आगे कहा,”देश के नागरिक भली भांति जानते हैं कि कांग्रेस के जिस प्रमुख परिवार के प्रमुख सदस्य ने जीवन भर किसानों की ज़मीन लूटी हो वो परिवार क्यों चाहेगा कि किसान की ज़मीन सुरक्षित रहे…कांग्रेस पार्टी ने उन लोगों का समर्थन किया जिन्होंने देश के उपराष्ट्रपति के पद पर हमला किया।”
