बिहार में बढ़ी चुनावी सरगर्मियों के बीच राजनीतिक दलों में जुबानी जंग के साथ पोस्टर वार एक बार फिर तेज होता नजर आ रहा है। एक तरफ जहां सोशल मीडिया पोस्ट और मीडिया के माध्यम से, भाषणों के माध्यम से आरोप-प्रत्यारोप लगाए जा रहे, सफलता-विफलता बताई जा रही है वहीं दूसरी तरफ पोस्टरों के माध्यम से भी हमला बोला जा रहा है।
शनिवार सुबह ऐसा ही कुछ नजारा पटना के कई इलाकों में दिखा जब सड़कों के किनारे राजद और खास कर लालू परिवार पर निशाना साधते हुए कई पोस्टर लगे दिखे। इन पोस्टरों पर लालू यादव को कैदी नंबर 3351 बताया गया है और कैप्शन दिया गया है- एक ऐसा परिवार जो बिहार पर भार। इस पोस्टर में लालू को जेल में बंद दिखाते हुए उनकी बड़ी तस्वीर लगाई गई है जबकि तेजप्रताप, तेजस्वी, राबड़ी और मीसा भारती की तस्वीरें भी इस पोस्टर पर नजर आ रही हैं।
इस पोस्टर को किसने लगाया है यह जानकारी अभी तक सामने नही आ सकी है हालांकि माना जा रहा है कि जदयू कार्यकर्ताओं की तरफ से इसे लगाया गया है। आपको बता दें इससे पहले 6 सितम्बर को लालू यादव ने सोशल मीडिया पर एक पोस्टर शेयर करते हुए नीतीश कुमार पर हमला बोला था और उन्हें बिहार पर भार बताया था। इस पोस्टर को उसी का जवाब माना जा रहा है।
