बिहार का 86 साल पुराना सपना हुआ पूरा, पीएम ने दी रेलवे से जुड़ी योजनाओं की सौगात, पढ़ें क्या कुछ बोले पीएम

चुनावी मोड में आ चुके बिहार को एक के बाद एक तोहफे मिलने का क्रम जारी है। ऐसे ही एक कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बिहार को रेलवे परियोजनाओं से जुड़े कई सौगातें दी। इस कार्यक्रम में बिहार के सीएम नीतीश कुमार भी मौजूद रहे। पीएम ने इस कार्यक्रम के दौरान कोसी महासेतु का विधिवत उद्घाटन भी किया। यह सेतु 516 करोड़ रुपये की लागत से कोसी नदी पर बनाया गया है। इस सेतु के बनने से कोसी-मिथिला के बीच की दूरी 298 किलोमीटर से घटकर महज 22 किलोमीटर रह गई है। इसके अलावा भी पीएम ने 12 अन्य रेलवे से जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया।


इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने राज्य के सीएम नीतीश कुमार के तारीफों के पुल भी बांधे। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि दरभंगा में एम्स के निर्माण जल्द शुरू किया जाएगा। कोसी महासेतु के बारे में बोलते हुए पीएम ने कहा कि 300 किमी और 8 घंटे का रास्ता अब 22 किमी और आधे घंटे तक सीमित हो गया है। पीएम ने कहा कि बिहार ने आज रेल कनेक्टिविटी में इतिहास रचा है। उन्होंने यह भी कहा कि कोरोना काल मे ट्रेनें भले रुकीं लेकिन रेलवे का काम चलता रहा। कोरोना काल मे किसान रेल चलने की भी बात पीएम ने अपने संबोधन में कही। 

आपको बता दें कि चुनावों की तारीखों से पहले पिछले कुछ दिनों के दौरान बिहार से संबंधित पीएम का यह चौथा कार्यक्रम था। दिल्ली से जहां इस कार्यक्रम में पीएम मोदी और रेल मंत्री पीयूष गोयल शामिल हुए वहीं बिहार की राजधानी पटना से सीएम नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम सुशील मोदी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *