लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव में बड़े पैमाने पर “वोट धोखाधड़ी” का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में करीब 25 लाख फर्जी वोट डाले गए, जो कुल मतदाताओं का लगभग 12.5 प्रतिशत है। राहुल ने कहा कि कई कांग्रेस उम्मीदवारों ने चुनाव परिणामों के बाद अनियमितताओं की शिकायत की थी, जबकि एग्ज़िट पोल में साफ तौर पर कांग्रेस की जीत का अनुमान लगाया गया था।
राहुल गांधी ने एक वीडियो का हवाला देते हुए कहा कि बीजेपी नेता और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नतीजों से पहले ही “इंतज़ाम होने” की बात कही थी। उन्होंने पूछा कि आखिर ये इंतज़ाम क्या थे? राहुल ने कहा कि यह पहली बार हुआ है जब बूथ परिणाम एग्ज़िट पोल के विश्लेषण से बिल्कुल विपरीत आए हैं।
राहुल गांधी ने एक और गंभीर दावा किया कि हरियाणा की मतदाता सूची में ब्राज़ीलियन मॉडल माथियस फेरेरो की स्टॉक फोटो 22 अलग-अलग नामों -“सीमा, सरस्वती, स्वीटी” ,के साथ शामिल है। उन्होंने यह भी बताया कि इसी तरह एक ही महिला की फोटो 100 बार और किसी अन्य फोटो की 223 बार एंट्री मिली है। राहुल का आरोप है कि यह “केंद्रित और योजनाबद्ध ऑपरेशन” था।
वहीं, चुनाव आयोग के सूत्रों ने पूछा कि मतदान के दिन कांग्रेस के पोलिंग एजेंट कहाँ थे और अगर संदेह था तो उसी दिन आपत्ति क्यों नहीं उठाई गई? सूत्रों ने यह भी कहा कि राहुल गांधी यह कैसे निश्चित रूप से कह सकते हैं कि इन कथित फर्जी मतदाताओं ने बीजेपी को ही वोट दिया होगा। आयोग ने यह भी सवाल उठाया कि यदि कांग्रेस नेता पवन खेरा का नाम दो राज्यों की वोटर लिस्ट में है, तो क्या इसका मतलब है कि वे दो बार वोट करते हैं? उन्होंने यह भी पूछा कि कांग्रेस ने बिहार में SIR के दौरान आपत्ति क्यों नहीं जताई।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि अगर कांग्रेस को वोटर लिस्ट में कोई आपत्ति है तो वह चुनाव आयोग के पास जा सकती है। यदि संतोष नहीं हुआ तो अदालत का दरवाज़ा खटखटाया जा सकता है, लेकिन कांग्रेस प्रणाली पर भरोसा नहीं करती और अपनी हार के लिए सिर्फ ईवीएम और आयोग को दोष देती रहती है।
