मुंबई के एप्पल स्टोर में मची हड़कंप, iPhone 17 की बिक्री पर मचा हंगामा

मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स स्थित एप्पल स्टोर के बाहर शुक्रवार सुबह अफरातफरी मच गई, जब नए लॉन्च हुए iPhone 17 को खरीदने के लिए जुटे लोगों के बीच जोरदार धक्का-मुक्की और हाथापाई हो गई।

PTI द्वारा साझा किए गए वीडियो में देखा गया कि सैकड़ों लोग एक-दूसरे पर थप्पड़ और मुक्के बरसा रहे थे। भीड़ से एक लाल शर्ट पहने युवक को सुरक्षा कर्मियों ने बाहर निकाला, लेकिन उसने भी सुरक्षाकर्मी पर हाथ उठाने की कोशिश की। इसी दौरान एक अन्य युवक को भी भीड़ से खींचकर बाहर किया गया।

गवाहों के अनुसार, यह झगड़ा सुरक्षा व्यवस्था की कमी और लाइन तोड़ने की वजह से शुरू हुआ। अहमदाबाद से आए खरीदार मोहन यादव ने बताया, “मैं सुबह 5 बजे से लाइन में खड़ा हूं, लेकिन लोग लाइन तोड़ रहे हैं। सुरक्षा कर्मियों की कोई जिम्मेदारी नहीं दिख रही। जो पीछे खड़े हैं उन्हें मौका ही नहीं मिल रहा है।”

दिल्ली के साकेत स्थित सेलेक्ट सिटी वॉक मॉल और बेंगलुरु में भी यही नज़ारा देखने को मिला, जहाँ लोग रातभर कतार में खड़े रहे ताकि वे नए आईफोन को सबसे पहले खरीद सकें।

एप्पल ने हाल ही में iPhone 17 सीरीज़ लॉन्च की है, जिसमें iPhone 17, iPhone 17 Air और हाई-एंड मॉडल्स iPhone 17 Pro और Pro Max शामिल हैं। कंपनी का दावा है कि नए प्रो मॉडल्स में अब तक की सबसे बड़ी बैटरी और “फुल-विथ कैमरा प्लेटो” जैसे खास फीचर्स दिए गए हैं।

भीड़ और अव्यवस्था के बावजूद iPhone 17 की बिक्री को लेकर ग्राहकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *