प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17 अगस्त को दिल्ली में करीब ₹11,000 करोड़ की लागत से तैयार दो बड़े हाईवे प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन किया। यह कार्यक्रम दिल्ली के रोहिणी में आयोजित हुआ, जहां पीएम मोदी ने जनसभा को भी संबोधित किया।
इन परियोजनाओं में द्वारका एक्सप्रेसवे का दिल्ली सेक्शन और अर्बन एक्सटेंशन रोड-II (UER-II) का अलीपुर से दिखाऊँ कलां तक का हिस्सा शामिल है। इनका उद्देश्य राजधानी दिल्ली में ट्रैफिक की भीड़ को कम करना, यात्रा समय घटाना और एनसीआर क्षेत्र में बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना है।
द्वारका एक्सप्रेसवे का 10.1 किमी लंबा दिल्ली सेक्शन ₹5,360 करोड़ की लागत से बना है। यह यशोभूमि, ब्लू और ऑरेंज मेट्रो लाइनों, प्रस्तावित बिजवासन रेलवे स्टेशन और द्वारका बस डिपो को जोड़ेगा। इसका एक हिस्सा शिवमूर्ति से द्वारका सेक्टर-21 (5.9 किमी) और दूसरा दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर (4.2 किमी) तक है, जो सीधे UER-II से जुड़ता है। हरियाणा सेक्शन का उद्घाटन मार्च 2024 में हो चुका है।
वहीं, UER-II का अलीपुर से दिखाऊँ कलां तक का हिस्सा और बहादुरगढ़ व सोनीपत तक के नए स्पर ₹5,580 करोड़ में विकसित किए गए हैं। इससे दिल्ली के प्रमुख जाम स्थलों जैसे मुकरबा चौक, धौला कुआं और NH-09 पर ट्रैफिक का दबाव घटेगा।
सरकार ने इन परियोजनाओं को दिल्ली के भविष्य के लिए “गेमचेंजर” बताया है।
