गुजरात एंटी टेररिज़्म स्क्वॉड (ATS) ने बेंगलुरु से 30 वर्षीय समा परवीन को गिरफ्तार किया है, जिसे भारत में अल-कायदा टेरर मॉड्यूल की मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। यह गिरफ्तारी उन चार आतंकियों की गिरफ्तारी के कुछ दिन बाद हुई है, जिन्हें अल-कायदा इन इंडियन सबकॉंटिनेंट (AQIS) से जुड़े होने के आरोप में पकड़ा गया था।
10 जून को ATS को जानकारी मिली कि कुछ इंस्टाग्राम अकाउंट्स — जैसे “@sharyat_ya_shahadat”, “@_mujahideen1”, “@f4rdeen_03” — के ज़रिए देश विरोधी और भड़काऊ कंटेंट फैलाया जा रहा है। इसपर त्वरित कार्रवाई करते हुए ATS ने एक विशेष जांच टीम बनाई, जिसने फर्दीन शेख (अहमदाबाद), सैफुल्लाह कुरैशी (मोदासा), मोहम्मद फाइक (दिल्ली), और ज़ीशान अली (नोएडा) को 21-22 जुलाई को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में पता चला कि ये सभी आरोपी AQIS के विचारों को सोशल मीडिया पर फैला रहे थे। इनके फोन और इंस्टाग्राम अकाउंट्स से आतंक को भड़काने वाले वीडियो, शरिया कानून के समर्थन में पोस्ट्स और धार्मिक हिंसा को उकसाने वाला कंटेंट बरामद हुआ। फर्दीन के पास से एक तलवार और आतंक फैलाने वाला वीडियो भी मिला।
ATS अब समा परवीन से पूछताछ कर रही है और 62 अन्य सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच भी चल रही है। सभी आरोपियों पर UAPA और भारतीय न्याय संहिता के तहत केस दर्ज किया गया है।
