रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने एक बार फिर भारतीय फिल्मों के प्रति अपने लगाव को जताया है। सोची शहर में आयोजित ‘वालदाई डिस्कशन ग्रुप’ में बोलते हुए पुतिन ने कहा, “हमें भारतीय सिनेमा पसंद है। भारत के अलावा शायद रूस ही दुनिया का ऐसा देश है, जहां एक अलग टीवी चैनल दिन-रात भारतीय फिल्में दिखाता है।”
पुतिन ने ज़ोर देकर कहा कि भारत-रूस संबंध केवल राजनीति और कूटनीति तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सांस्कृतिक और मानवीय रिश्तों में भी गहराई रखते हैं। उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में भारतीय छात्र रूस में पढ़ते हैं और वहां के लोग भारतीय संस्कृति और खासकर फिल्मों को बेहद अपनाते हैं।
यह रिश्ता नया नहीं है। सोवियत दौर से ही भारतीय फिल्में रूस में बेहद लोकप्रिय रही हैं। राज कपूर की आवारा (1951) और मिथुन चक्रवर्ती की डिस्को डांसर (1982) ने रूस में ऐतिहासिक सफलता पाई थी। दोनों ही फिल्में 10 करोड़ से ज़्यादा टिकट बेचने वाली विदेशी फिल्मों में शामिल हैं।
पुतिन इससे पहले भी भारतीय सिनेमा की तारीफ़ कर चुके हैं। 2024 में BRICS सम्मेलन से पहले उन्होंने बॉलीवुड को रूस का सबसे लोकप्रिय विदेशी सिनेमा बताया था और फिल्मों की शूटिंग व सहयोग को बढ़ावा देने का संकेत दिया था।
पुतिन का यह बयान एक बार फिर याद दिलाता है कि भारत-रूस की दोस्ती सिर्फ़ राजनीति नहीं, बल्कि परदे पर रचे-बसे किस्सों से भी मजबूत हुई है।
