क्या है वरुण गांधी का इरादा? लगातार अपनी ही सरकार पर हैं हमलावर

किसान आंदोलन और लखीमपुर हिंसा में मारे गए किसानों को लेकर भाजपा सांसद वरुण गांधी लगातार अपनी ही पार्टी पर हमला करते दिखाई दे रहें हैं। भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सूची से बाहर किए गए नेता वरुण गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का एक पुराना वीडियो शेयर करते हुए इशारों-इशारों में फिर से केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।

इस वीडियो में अटल बिहारी तत्कालीन सरकार को किसानों पर अत्याचार ना करने की चेतावनी देते हुए कह रहे हैं “मैं सरकार को चेतावनी देना चाहता हूं कि दमन के तरीके छोड़ दीजिए। डराने की कोशिश मत कीजिए।

किसान डरने वाला नहीं है। हम किसानों के आंदोलन का दलीय राजनीति के लिए उपयोग करना नहीं चाहते, लेकिन हम किसानों की उचित मांग का समर्थन करते हैं।” ऐसा माना जा रहा है कि इसके जरिए वरुण किसानों के समर्थन में अपनी पार्टी को संदेश देना चाह रहे हैं।

हालांकि यह पहला मौका नहीं है जब उन्होंने किसानों का समर्थन किया है। पिछले रविवार,10 अक्टूबर को भी उन्होंने राष्ट्रीय कार्यकारिणी से बाहर किए जाने के बाद लखीमपुर खीरी मामले में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा टेनी के उत्तर प्रदेश में खालिस्तानियों द्वारा वारदात को अंजाम देने वाले बयान पर निशाना साधते हुए कहा था, कि यह घटना को सांप्रदायिक रूप देने की कोशिश है। इससे पहले भी वरुण ने इस वारदात को ‘हत्या’ करार देते हुए जवाबदेही की मांग की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *