लखनऊ में उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश राज्य सड़क सुरक्षा परिषद की बैठक की अध्यक्षता की। इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी में कहा कि, “2030 तक हमारा दुर्घटनाओं में 50% कमी लाने का लक्ष्य है।
सतत विकास के लिए हम सभी को मिलकर कार्य करने और अंतर्विभागीय समन्वय की जरूरत है। हर महीने इसकी समीक्षा भी होनी चाहिए।”
इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि, “दुर्घटना वाले क्षेत्रों के नजदीकी ट्रॉमा सेंटर में चिकित्सकों की उपलब्धता रहनी चाहिए। घायलों के जल्द से जल्द उपचार के लिए यूपीडा, यीडा, एनएचएआई की एंबुलेंस को ‘108’ एंबुलेंस सेवा के साथ इंटीग्रेट किया जाए।”
उन्होंने कहा कि प्रतिवर्ष सड़क दुर्घटनाओं में व्यापक जन व धन हानि होती है। प्रदेश में कोविड-19 से अभी तक जितनी जनहानि हुई है, उससे तीन गुना ज्यादा लोगों ने 2019-20 में सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाई है।
इसे ध्यान में रखते हुए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर उस पर अमल करने की जरूरत है। उन्होंने दीपावली से पूर्व सड़क सुरक्षा संबंधी अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।
