दिल्ली के पीतमपुरा में आयोजित अखिल भारतीय ब्राह्मण महासम्मेलन में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ब्राह्मण समाज को “ज्ञान की मशाल जलाने वाला” बताया। उन्होंने कहा, “जो समाज में ज्ञान की लौ जलाता है, वह ब्राह्मण समाज है। वे शास्त्रों की ही नहीं, शस्त्रों की भी पूजा करते हैं। आज समाज और देश की रक्षा शस्त्र व शास्त्र दोनों से ही संभव है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर सरकार को ब्राह्मण समाज के कल्याण के लिए काम करना चाहिए, क्योंकि इस समाज ने हमेशा धर्म प्रचार, सद्भाव और समाजहित में योगदान दिया है।
पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “पिछले 27 वर्षों से दिल्ली विकास की दौड़ में पीछे रही है। अब वक्त है रफ्तार बढ़ाने का। अगर हम सब मिलकर दिल्ली के विकास में जुटें, तो ‘विकसित दिल्ली’ बनाना संभव है।”
रेखा गुप्ता ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी सरकार सभी वर्गों को समान अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, “सच्ची प्रगति तभी संभव है जब समाज एकजुट हो।”
सम्मेलन में उन्होंने ब्राह्मण समाज से दिल्ली के विकास के लिए सुझाव भी मांगे।
