तेजप्रताप का तेजस्वी पर बड़ा हमला, कहा- बंधक बनाए गए हैं लालू यादव

बिहार की प्रमुख विपक्षी पार्टी राजद में अंदरूनी लड़ाई ही थमने का नाम नहीं ले रही है। नेता तेजप्रताप यादव एक बार फिर से भाई तेजस्वी यादव के ऊपर हावी होते नजर आएं। उन्होंने अपने भाई और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर बड़ा आरोप लगा दिया है। तेजप्रताप का कहना है कि भाई तेजस्वी ने पिता और पार्टी प्रमुख लालू प्रसाद यादव को दिल्ली में बंधक बना रखा है।

तेजप्रताप ने तेजस्वी का नाम लिए बिना कहा कि “कुछ लोग हैं, जो बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राजद सुप्रीमो को दिल्ली से पटना नहीं आने दे रहे हैं।” नेता का कहना है कि उन्हें जेल से निकले करीब एक साल हो गया, लेकिन अभी तक उन्हें दिल्ली में बंधक बनाकर रखा गया है। “वो मेरे पिता को बंधक बनाकर राजद अध्यक्ष बनना चाहते हैं, लेकिन उनका यह सपना कभी पूरा नहीं होगा।”

तेजप्रताप यादव ने अपने संगठन छात्र जनशक्ति परिषद के प्रशिक्षण शिविर द्वारा “राजनीति सीखो, नेतृत्व करो” विषय पर आयोजित कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि “पिता जी यहां (पटना) रहते थे तो तो आम जनता, जिन्हें वो अपना मालिक कहते हैं, उनसे मिला करते थे। उनकी बातों को सुनते थे।

उसका निदान निकालते थे। पर कुछ लोग उन्हीं मालिक लोग से जब मिलते हैं तो रस्सी घेर कर मिलते हैं।” ज्ञात हो कि लालू यादव दिल्ली में हैं। “मैंने पिताजी से बात की और कहा कि हमारे साथ चलिये पटना, हम लोग साथ रहेंगे।” तेजप्रताप ने कहा कि “कुछ लोगों ने बिहार की महान जनता से मिलने के लिए रस्सा बंधवा दिया है। हमारे पिता को आने नहीं दे रहे हैं, बंधक बना कर दिल्ली में रखा हुआ है।”

गौरतलब हो कि तेजप्रताप और तेजस्वी यादव के रिश्ते पिछले कुछ वक्त से ठीक नहीं चल रहे हैं और दोनों भाइयों के बीच संघर्ष की खबरें लगातार आ रही हैं। ऐसे में तेजप्रताप ने शनिवार को इशारों-इशारों में तेजस्वी पर जो हमला बोला वह अब तक का उनका छोटे भाई पर सबसे बड़ा हमला और आरोप है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *