मुम्बई से गोवा जा रही क्रूज पर एनसीबी का छापा, कई गिरफ्तार

ड्रग्स के खिलाफ नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा (एनसीबी) बड़ी कार्रवाई करते हुए मुंबई से गोवा जा रहे एक क्रूज पर छापेमारी कर 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है। खबर है कि इसमें बॉलीवुड के एक बड़े अभिनेता के बेटे को भी पकड़ा गया है।

मुंबई से गोवा जा रहे क्रूज  में इस ड्रग पार्टी का आयोजन किया गया था। एनसीबी ने अपने कुछ अधिकारियों को यात्री के वेश में क्रूज पर भेजा जिसके बाद रेड डाली गई। एनसीबी की तरफ से होने वाली यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है क्योंकि यह पहली बार है जब नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की तरफ से किसी क्रूज पर छापेमारी की गई है।

बॉलीवुड अभिनेता के बेटे और अन्य लोगों को लेकर एनसीबी ने अभी तक आधिकारिक रूप से खुलासा नहीं किया है। क्रूज पर जिन लोगों को पकड़ा गया है उन्हें मुंबई वापस लाया गया है जहां से अब अधिकारिक कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी। क्रूज पर ये छापेमारी एनसीबी के जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े की टीम ने की है।

बड़ी बात के तौर पर बताया जा रहा है कि इस पार्टी में शामिल लोगों को पेपर रोल दिया गया था जिसे ज्वाइंट पेपर भी कहते हैं। छापेमारी के दौरान एनसीबी को ज्यादातर गेस्ट के कमरों से पेपर रोल मिले। 

क्रूज के मुंबई से निकलते और समंदर में पहुंचते ही ड्रग्स पार्टी शुरू हो गई। एनसीबी की टीम पहले से क्रूज पर मौजूद थी जिसके बाद छापेमारी शुरू हुई और भारी मात्रा में ड्रग्स पाए जाने के बाद इसे मुंबई की ओर मोड़ दिया गया।

एनसीबी द्वारा कॉर्डिलिया नामक क्रूज शिप पर तब छापेमारी की गई थी जब यह मुंबई से गोवा के लिए रवाना हुई थी। इस छापेमारी में एनसीबी को कोकीन, हशीश और एमडी जैसी ड्रग्‍स बरामद हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *