AI-171 विमान हादसे में मां खोने वाले बेटे ने अमेरिका में बोइंग पर ठोकी कानूनी चोट

AI-171 विमान हादसे में अपनी मां कल्पना बेन प्रजापति को खोने वाले हीर प्रजापति ने अब अमेरिका की फेडरल कोर्ट में बोइंग के खिलाफ मामला दायर किया है। उनका कहना है कि भारत में मुकदमे सालों खिंचते हैं, जबकि अमेरिका में उन्हें जल्दी न्याय मिलने की उम्मीद है।

हीर प्रजापति ने बताया कि उन्होंने मशहूर वकील माइक एंड्रयूज़ को केस लड़ने के लिए नियुक्त किया है। “हम ब्लैक-बॉक्स से कच्चे डेटा की जल्द से जल्द जानकारी चाहते हैं, ताकि वकील के साथ आगे की रणनीति तय कर सकें,” उन्होंने कहा।

उन्होंने भारतीय सरकार, पुलिस और डॉक्टरों का आभार जताया जिन्होंने डीएनए टेस्ट के बाद शव सौंपने में तुरंत मदद की।

हीर ने बताया कि उनकी मां का टिकट पहले 9 जून का था, लेकिन व्रत होने के कारण उन्होंने तारीख बदल दी। फिर 11 जून की फ्लाइट बुक की गई, मगर मां ने ‘ऑड डेट’ पर सफर न करने की बात कही, तो आखिरकार 12 जून की बुकिंग की—और उसी दिन हादसा हो गया।

हादसे की दो माह की बरसी पर पीड़ित परिवारों ने मोमबत्ती मार्च निकाला। माइक एंड्रयूज़, जो 65 से अधिक परिवारों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, ने कहा, “परिवार अब भी जवाब ढूंढ रहे हैं। यह दिन बेहद कठिन है।”

गौरतलब है कि 12 जून को अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरते ही एयर इंडिया की बोइंग 787-8 विमान क्रैश हो गई थी, जिसमें 260 लोगों की जान गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *