राकेश टिकैत बोले-किसानों पर न हो कानूनी कार्रवाई, आशीष मिश्रा ने किया सरेंडर

लखीमपुर खीरी हिंसा के मुख्य आरोपी और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी के बेटे आशीष मिश्रा ने शनिवार को क्राइम ब्रांच के सामने सरेंडर कर दिया है। मजिस्ट्रेट के सामने एसआईटी की टीम ने करीब साढ़े छह घंटे से पूछताछ की।

सूत्रों के मुताबिक एसआईटी आरोपी आशीष का मेडिकल करवाकर उसे कोर्ट में पेश करने की तैयारी में है। वहीं, दूसरी तरफ संयुक्त किसान मोर्चा(एसकेएम) ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

एसकेएम ने अपने मांग में मंत्री को पद से हटाने के साथ गिरफ्तार करने, और आशीष मिश्रा को भी गिरफ्तार करने की मांग की है। साथ ही, इस घटना को लेकर आगे के कार्यक्रमों का भी ऐलान किया।

आक्रोशित किसानों द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या पर भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने शनिवार को कहा कि जिन्होंने उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की कथित तौर पर हत्या की वह उन्हें अपराधी नहीं मानते, क्योंकि उन्होंने प्रदर्शनकारियों के ऊपर कार चढ़ाए जाने की प्रतिक्रिया में ऐसा किया।

अपने विवादित बयान में टिकैत ने कहा, “लखीमपुर खीरी में कारों के एक काफिले ने चार किसानों को रौंद दिया, जिसके जवाब में भाजपा के दो कार्यकर्ता मारे गए। यह क्रिया के बदले की गई प्रतिक्रिया थी। मैंने हत्या में शामिल लोगों को अपराधी नहीं मानता।”

राकेश टिकैत ने आगे कहा कि “जब तक मंत्री का इस्तीफा नहीं होगा जब तक जांच नहीं हो सकती है। किसी गृह राज्य मंत्री के खिलाफ कोई अधिकारी सवाल कर सकते हैं? समझौते में भी मांग थी कि मंत्री का इस्तीफा हो। अगर हमारी मांग को नहीं माना जाता है तो हम फिर से विचार करेंगे।” उन्होंने चेताया कि यह आंदोलन चलता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *