मानसून सत्र – पीएम के संबोधन की बड़ी बातें, जानें किन मुद्दों पर हो सकता है हंगामा

संसद का मानसून सत्र आज से शुरू हो गया है और पहले ही दिन से राजनीतिक तापमान चढ़ा हुआ है। सत्र की शुरुआत से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा, “यह सत्र बहुत महत्वपूर्ण है। देशवासियों की अपेक्षाएं पूरी करने के लिए हम सब मिलकर चर्चा करें, संवाद करें और निर्णय लें। सरकार हर मुद्दे पर चर्चा को तैयार है।”

हालांकि विपक्षी INDIA गठबंधन ने सरकार को घेरने की पूरी रणनीति बना ली है। कांग्रेस समेत कई विपक्षी दल पहलगाम आतंकी हमले, बिहार में मतदाता सूची संशोधन (SIR), और डोनाल्ड ट्रंप के भारत-पाक संघर्षविराम दावे जैसे संवेदनशील मुद्दों पर चर्चा की मांग कर रहे हैं।

कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने पीएम मोदी के विदेश दौरे को लेकर भी निशाना साधा और कहा कि सत्र के दौरान विदेश यात्रा करना संसदीय जिम्मेदारी से बचना है।

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने साफ किया कि सरकार नियमों और परंपराओं के तहत चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन SIR पर सीधी बहस की कोई गारंटी नहीं दी।

सरकार की योजना इस सत्र में कई अहम विधेयकों को पास कराने की है, जिनमें मणिपुर GST संशोधन बिल, राष्ट्रीय खेल प्रशासन बिल और IIM संशोधन बिल शामिल हैं।

ये सत्र 21 अगस्त तक चलेगा और सरकार व विपक्ष के बीच कड़े मुकाबले की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *