बिहार विधानसभा चुनावों में एनडीए से अलग होकर चुनाव लड़ने का फैसला लेने वाले चिराग पासवान ने आज उम्मीदवारों की पहली सूची का एलान कर दिया है। इस सूची में 42 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई है।
इसमें शामिल नामों में काफी नाम बीजेपी से लोजपा में शामिल हुए नेताओं का है। लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान ने सभी प्रत्याशियों को बधाई दी है।
एक ट्वीट में उन्होंने कहा, ‘सभी प्रत्याशियों को ढेर सारी बधाई. बिहार के आने वाले भविष्य लिए आप सभी का जीतना ज़रूरी है। जेडीयू को वोट देने का मतलब बिहार को बर्बाद करना है। पापा की सेहत ज़्यादा ख़राब होने के कारण आप सब के बीच अभी नहीं आ पा रहा हूं। पापा की सेहत ठीक होते ही आप सब के साथ बीच रहूंगा। आप सभी को जीत की अग्रिम बधाई।’
आपको बता दें कि इन चुनावों में लोजपा सिर्फ जदयू के खिलाफ उम्मीदवार उतारेगी जबकि बीजेपी के खिलाफ लोजपा के उम्मीदवार मैदान में नही नजर आएंगे। लोजपा सीटों के बंटवारे को लेकर जदयू से नाराज चल रही थी। इसके अलावा चिराग और उनके पिता भी नीतीश पर लगातार हमलावर रहे थे।
