आज दिल्ली में हो सकती है बारिश, येलो अलर्ट हुआ जारी

दिल्ली-एनसीआर में अभी बारिश के दिन कुछ दिन और जारी रहने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग ने गुरुवार को बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया,जबकि शुक्रवार को ग्रीन और शनिवार और रविवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

इस दौरान दिल्ली के साथ नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबद समेत आसपास के कई इलाकों में आसमान में बादल छाए रहने के साथ-साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में बारिश का यह दौर रविवार तक जारी रहेगा, इस सोमवार को मौसम साफ रहेगा लेकिन मंगलवार को एक बार फिर जमकर बारिश होगी। इसके बाद मानसून के वापस होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार इस साल मानसून की अनुमानित वापसी 29 सितंबर तक होगी जो आमतौर पर 25 सितंबर तक होती है। विभाग के अनुसार इस साल बेहतर मानसून के कारण दिल्ली में अब तक करीब 1170.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है जो साल 1964 के बाद सबसे अधिक है।

विभाग ने बुधवार को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। हालांकि बादल तो दिन भर छाए लेकिन झमाझम बारिश के लोगों का इंतजार खत्म नहीं हुआ। दिल्ली-एनसीआर के कुछ इलाकों में बारिश हुई यह स्थिति ऑरेंज अलर्ट तक नहीं पहुंची।

इस बीच मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि गुरुवार को बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश होगी। वहीं, अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 32 और 25 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *