सुशांत सिंह राजपूत केस मामले में विवादों में घिरी महाराष्ट्र की उद्धव सरकार की मुश्किलें कम होती नजर नही आ रही हैं। एक तरफ जहां कंगना रनौत ने मोर्चा खोल रखा है वहीं अब एक और नई मुसीबत सामने आ खड़ी हुई है। ख़बरोने के मुताबिक महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे, उनके बेटे आदित्य ठाकरे और सुप्रिया सुले पर गलत चुनावी हलफनामा दाखिल करने का आरोप लगाया गया है।
इन तीनो के अलावा गुजरात के विधायक नाथाभाई पटेल पर भी चुनावी हलफनामे में गलत जानकारी देने का आरोप लगा है। चुनाव आयोग ने इस मामले में जांच के आदेश देते हुए मामला सीबीडीटी को भेज दिया है और फिलहाल रिपोर्ट का इंतजार है। अगर जांच में इनके खिलाफ लगे आरोप सही पाए गए तो इन सभी को 6 महीने तक जेल की सजा हो सकती है। आपको बता दें कि इन सभी पर संपत्ति और देनदारी से संबंधित गलत जानकारी देने के आरोप लगे हैं।
गौरतलब है कि चुनावी हलफनामे में एक उम्मीदवार अपनी अपराधिक पृष्ठभूमि, संपत्ति, देनदारी और शैक्षिक योग्यता जैसे ब्योरे देता है। 2013 में चुनाव आयोग ने फैसला किया था कि हलफनामे में लिखी उम्मीदवारों की संपत्ति और देनदारी को सीबीडीटी वेरिफाइ करेगा। यही वजह है कि इस मामले की जांच सीबीडीटी को सौंपी गई है।
