मुंबई में भारी बारिश, स्कूलों में अवकाश; दिल्ली में यमुना का जलस्तर बढ़ा

मुंबई के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की वजह से बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया। आज दोपहर की पाली के सभी स्कूल बंद रहेंगे। बीएमसी ने नागरिकों से अपील की है कि बिना आवश्यकता घर से बाहर न निकलें और किसी भी मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर 1916 पर संपर्क करें।

भारत मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई और आसपास के जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि अगले कुछ घंटों में अत्यधिक वर्षा हो सकती है, जिससे सड़कों पर जलभराव और यातायात की समस्याएँ और बढ़ सकती हैं।

इस बीच, दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार करने की ओर बढ़ रहा है। केंद्रीय जल आयोग (CWC) के अनुसार, रविवार शाम तक पुराने रेलवे पुल पर यमुना नदी का जलस्तर 204.60 मीटर तक पहुँच गया, जो चेतावनी स्तर से ऊपर है। अनुमान है कि 19 अगस्त तक नदी का स्तर 206 मीटर तक पहुँच सकता है, जो डेंजर मार्क 205.33 मीटर से अधिक है।

प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक होने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है। राहत और बचाव दलों को अलर्ट पर रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *