बिहार विधानसभा चुनावों के लिए जारी प्रचार के बीच आज से मैदान में लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान की एंट्री भी हो गई है। कल तक वह अपने पिता रामविलास पासवान के श्राद्ध के चलते घर पर थे लेकिन आज से वह मैदान में उतर आये हैं।
दिलचस्प बात यह है कि कल शाम चिराग ने जहां सीएम नीतीश कुमार के पांव छूकर आशीर्वाद लिया था वहीं आज प्रचार की शुरुआत उनपर हमला बोल कर किया।
चिराग ने प्रचार अभियान की शुरुआत लोजपा के घोषणापत्र जारी करने के साथ कि है। जैसा कि चिराग कहते आये हैं कि उनका मिशन बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट का है अब उनका घोषणा पत्र इसी पर आधारित है।
चिराग ने घोषणा पत्र जारी करते हुए आज कहा,’अगर गलती से मौजूदा मुख्यमंत्री पुन: इस चुनाव में जीत जाते हैं तो हमारा प्रदेश हार जाएगा। हमारा प्रदेश पुन: बर्बादी की कगार पर जाकर खड़ा हो जाएगा।’
चिराग ने सीएम नीतीश पर जातीयता को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा,’मौजूदा मुख्यमंत्री को देखकर मुझे आश्चर्य होता है कि आप किस तरह से जातीयता को बढ़ावा देते हैं। जो व्यक्ति खुद सांप्रदायिकता को बढ़ावा देता हो, उसके नेतृत्व में बिहार के विकास की कल्पना करना उचित नहीं है।’
