कैप्टेन अमरिंदर सिंह जल्द कर सकते हैं नई पार्टी बनाने का ऐलान, अटकलें तेज

कांग्रेस नेता और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह जल्द ही अपनी नई पार्टी का ऐलान कर सकते हैं। कैप्टन ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के साथ सीटों को लेकर समझौता होने की उम्मीद जताई।

हालांकि इसके लिए उन्होंने शर्तें भी रखी हैं। कैप्टन का कहना है कि अगर किसान आंदोलन का समाधान किसानों के पक्ष में होता है तो भाजपा के साथ सीटों को लेकर समझौता किया जा सकता है। उनके सलाहकार रवीन ठुकराल ने यह जानकारी दी। ठुकराल ने मंगलवार की रात, इस संबंध में कैप्टन के बयान वाले एक के बाद एक तीन ट्वीट किए।

पहले ट्वीट में लिखा गया “पंजाब के भविष्य को लेकर लड़ाई जारी है। मैं जल्द ही अपनी राजनीतिक पार्टी के गठन की घोषणा करूंगा, ताकि पंजाब और उसके लोगों, साथ ही पिछले एक साल से अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहे किसानों के हितों के लिए काम किया जा सके।”

सिंह के आगे के बयान थे “मैं अपने लोगों और अपने राज्य का भविष्य सुरक्षित बनाने तक चैन की सांस नहीं लूंगा। पंजाब को राजनीतिक स्थिरता और आंतरिक तथा बाहरी खतरों से सुरक्षा की जरुरत है। मैं अपने लोगों से वादा करता हूं कि शांति और सुरक्षा के लिए जो भी करना होगा मैं करूंगा, क्योंकि फिलहाल दोनों खतरे में हैं।”

ट्वीट में अंतिम में लिखा गया “अगर किसान आंदोलन का समाधान किसानों के हित में होता है तो 2022 के पंजाब विधानसभा में भाजपा के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर आशान्वित हूं।

इसके अलावा समान विचार रखने वाली पार्टियों के साथ समझौते के बारे में भी विचार कर रहे हैं… जैसे अकाली दल से टूट कर अलग हुए समूह, खासतौर से ढिंढसा और ब्रह्मपुरा समूह।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *