उत्तरप्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने बड़ा एलान करते हुए कहा है कि यूपी में फ़िल्म सिटी का निर्माण किया जाएगा। यूपी में बनने वाली फिल्म सिटी देश की सबसे बड़ी और खूबसूरत फ़िल्म सिटी होगी। यह फ़िल्म सिटी गौतमबुद्धनगर जिले के ग्रेटर नोएडा में बनाई जाएगी। योगी के इस एलान के बाद न सिर्फ बॉलीवुड के गढ़ माने जाने वाले मुम्बई का वर्चस्व खत्म होगा बल्कि बड़े पैमाने पर स्थानीय स्तर पर रोजगार और पर्यटन संभावनाओं को भी बल मिलेगा।
योगी ने यह ऐलान लखनऊ में शुक्रवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई बैठक के दौरान किया। सीएम योगी ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में देश को एक अच्छी फिल्मसिटी की आवश्यकता है। हम यह जिम्मेदारी उठाने को तैयार हैं। यहां हम एक बेहतरीन और सबसे बड़ी फिल्म सिटी बनाएंगे। उन्होंने यमुना एक्सप्रेसवे और ग्रेटर नोएडा के इलाके में फ़िल्म सिटी के निर्माण की संभावना पर बल देते हुए जल्द से जल्द कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश भी दिया।
