यूपी के कन्नौज में सिपाही ने दिव्यांग से की बदसलूकी, हुआ निलंबित, देखें वीडियो

उत्तरप्रदेश के कन्नौज के सौरिख थाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस वीडियो में यूपी पुलिस का एक सिपाही एक दिव्यांग को घसीटते एयर पीटते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों ने इसकी कड़ी आलोचना करते हुए आरोपी सिपाही पर कार्रवाई की मांग की है।


इस वीडियो को ट्वीट करते हुए योगिता नाम की एक यूजर ने लिखा कि ये जो निर्दयी सिपाही दिख रहा, “देखो कैसे वर्दी की हनक दिखा रहा है, गरीब दिव्यांग को किस तरह धक्का देकर जमीन पर गिराकर, पीटकर लहूलुहान किया, गर्भवती पत्नी रोती बिलखती रही लेकिन इस निर्दयी सिपाही को दया तक नही आई, कन्नौज के सौरिख सदर बाजार का मामला।” यूजर ने कन्नौज पुलिस को इसमें टैग भी किया था। इसी ट्वीट को रिट्वीट करते हुए आईपीएस अधिकारी आर के विज ने लिखा,” कोई भी कारण ऐसे व्यवहार को जस्टिफाई नही कर सकता है।”


वीडियो से मचे बवाल के बाद एक्शन में आये जिले के एसपी ने तत्काल प्रभाव से सिपाही को निलंबित कर दिया है और जांच के आदेश दे दिए गए हैं। कन्नौज पुलिस ने अपने ट्वीट में लिखा,” थाना सौरिख पर दिव्यांग व्यक्ति के साथ घटित दुर्भाग्यपूर्ण घटना के संबंध में प्रभारी निरीक्षक सौरिख की रिपोर्ट प्राप्त होते ही एसपी कन्नौज द्वारा सख्त कार्रवाई की गई। दिव्यांग के साथ दुर्व्यवहार करने वाले आरोपी आरक्षी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर जांच के आदेश दिए गए हैं।”

दरअसल दिव्यांग शख्स ई-रिक्शा चलाता है। पीड़ित दिव्यांग व्यक्ति ने कहा कि वह सड़क के किनारे खड़ी सवारियों को उठा रहा था तब कॉन्सटेबल ने उसे यहां से जाने को कहा है। उसने एक मिनट रुकने के लिए बोला। दिव्यांग का आरोप है कि पुलिस कॉन्सटेबल ने उसके साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की तथा उसे चौकी तक ले आया। वहीं इस मामले में कांस्टेबल ने अपनी सफाई में दिव्यांग ई-रिक्शा चालक पर गाली-गलौज और दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *