छत्तीसगढ़ सीएम के बिगड़े बोल- आरएसएस की तुलना नक्सलियों से की

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) की तुलना नक्सलियों से करते हुए बड़ा बयान दिया है। रायपुर में बुधवार को दिए एक बयान में मुख्यमंत्री बघेल ने आरएएस पर निशाना साधते हुए कहा “छत्तीसगढ़ में जैसे नक्सलियों का नेता आंध्रप्रदेश में है और आंध्रप्रदेश से ही इनका मूमेंट संचालित होता है, वैसे ही छत्तीसगढ़ में आरएसएस के पास अपनी कोई क्षमता नहीं है। जो चलता है, नागपुर से चलता है।”

कवर्धा में हुई हिंसा की जांच से जुड़े सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि “आरएसएस के लोग छत्तीसगढ़ में बंधुआ मजदूर की तरह काम करते हैं।” वह राज्यपाल अनुसुइया उइके द्वारा कवर्धा विवाद मामले में लिखे पत्र को लेकर जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि “हम लोग किसी भी घटना को हल्के में नहीं लेने वाले हैं। कुछ लोग छोटी घटना को बड़ा बनाना चाहते हैं। मामले के सभी जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी। आज भी इनकी नहीं चलती।”

गौरतलब हो कि हाल ही में कवर्धा हिंसा की जांच में पुलिस ने भाजपा के कई नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इसमें छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह के बेटे अभिषेक सिंह का भी नाम आया है। यह कार्रवाई सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में हुई है।

कवर्धा में धार्मिक झंडा लगाने को लेकर दो गुटों में हुए विवाद के बाद अब कार्रवाइयों का दौर जारी है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आश्वासन है कि मामले में किसी भी जिम्मेदार को छोड़ा नहीं जाएगा।

अब तक मामले में करीब 70 लोगों के खिलाफ जुर्म दर्ज किया गया है जिनमें पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे अभिषेक सिंह, भाजपा सांसद संतोष पांडेय शामिल हैं। मामले के मुख्य आरोपियों को भी पुलिस गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *